आर्थिक संकट ने कैलीफोर्निया प्रशासन को कैदियों की रिहाई के लिए बाध्य किया
योजना के मुताबिक जेलों में बंद हजारों अवैध आप्रवासियों को संघीय प्रशासन के हवाले कर दिया जाएगा। सरकार के लिए इन कैदियों का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो रहा है। दूसरे आपराधिक मामलों में सजा भुगत रहे कैदियों को कैलीफोर्निया की काउंटी जेलों में भेजा जाएगा।
कैलीफोर्निया के गवर्नर आर्नोल्ड श्वार्जनेगर की इस योजना के तहत जेलों से करीब 19,000 कैदियों को छोड़ा जाएगा। दूसरे आपराधिक मामलों में जेल में बंद करीब 23,000 कैदियों को प्रांत की काउंटी जेलों में भेजा जाएगा। लास एंजिलिस टाइम्स अखबार ने यह खबर प्रकाशित की है।
सरकारी खर्च में कटौती की गवर्नर की योजना का असर प्रांत के करीब 200,000 बच्चों पर भी पड़ेगा। सरकार ने इन बच्चों को अपनी ओर से दिए जाने वाले स्वास्थ्य लाभों में कटौती का फैसला किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कैलीफोर्निया सरकार को विभिन्न मदों पर बिल के भुगतान के लिए करीब 6 अरब डालर की जरूरत है। श्वार्जनेगर ने कहा, "हम सरकारी खर्च में कटौती के लिए कमर कस चुके हैं। तमाम विकल्पों पर मैं गौर कर रहा हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications