कांग्रेस ने किया जीत का दावा, भाजपा में निराशा
कुल 545 सदस्यीय लोकसभा की अधिकतर सीटों के रुझान के मुताबिक कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) को 250 के करीब सीटें मिलने की संभावना है, जो सरकार बनाने के लिए जरूरी 272 के काफी करीब है।
उधर, भाजपा को इन परिणामों से तगड़ा झटका लगा है। पिछले पांच साल से सत्ता में लौटने का इंतजार कर रही पार्टी को कई जगहों पर आशा के प्रतिकूल नतीजे आते दिख रहे हैं और कहीं-कहीं तो उसका सफाया होता दिख रहा है।
क्षेत्रीय दलों और वामपंथी दलों को मिलाकर बने तीसरे मोर्चे की स्थिति काफी खराब है। वाम दलों के गढ़ कहे जाने वाले पश्चिम बंगाल और केरल में उन्हें काफी नुकसान की संभावना है।
इस बीच दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने संप्रग की इस जीत का श्रेय पार्टी महासचिव राहुल गांधी को देते हुए कहा कि यह युवाओं के उभार का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि यह जीत पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को मिला जनमत है।
उन्होंने कहा कि लोग एक स्थायी सरकार और एक ऐसा प्रधानमंत्री चाहते हैं जो देश के बारे में सोचे।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक 519 लोकसभा सीटों के मिले रुझानों में 232 पर संप्रग को जबकि 156 पर भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को बढ़त हासिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications