सपा व कांग्रेस ने दुष्प्रचार कर बसपा का मुस्लिम वोट काटा : मायावती
लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में मायावती ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस और सपा ने मिलकर साजिश के तहत मुसलमान समाज के लोगों को यह कहकर गुमराह किया कि बसपा तीन बार पहले भाजपा के साथ मिलकर राज्य में सरकार बना चुकी है और इस बार केंद्र में बसपा फिर से भाजपा से गठजोड़ करने जा रही है।
उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस और सपा के इस दुष्प्रचार से मुसलमान समाज का वोट बसपा को न मिलकर सपा और कांग्रेस में बंट गया। उन्होंने कहा कि बसपा को हराने में भाजपा ने भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
मायावती ने कहा कि हमें मुस्लिम वोट वहीं पर मिला जहां हमारा उम्मीदवार मुस्लिम था। उन्होंने कहा कि विरोधियों की इस साजिश के बावजूद बसपा ने अपनी सीटों की संख्या 19 से कम नहीं होने दी।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बसपा वोट प्रतिशत में कांग्रेस और भाजपा के बाद सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी बनकर उभरी है। बसपा को इस बार देशभर में 6.22 फीसदी वोट मिला है।
आने वाले दिनों में केंद्र में बसपा का क्या स्टैंड होगा। इस पर मायावती ने कहा कि इस बारे में कोई भी फैसला संसदीय बोर्ड की बैठक और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से राय लेने के बाद किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications