'अद्भुत भारतीय लोकतंत्र' से प्रभावित हैं ब्रिटिश नेता
लंदन, 16 मई (आईएएनएस)। भारतीय आम चुनाव के अप्रत्याशित नतीजों से आश्चर्यचकित ब्रिटिश नेता भारतीय मतदाताओं के विवेक की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। वे 'अद्भुत भारतीय लोकतंत्र' को सलाम करते हैं।
सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के सांसद और पूर्व मंत्री बैरी गार्डिनर की टिप्पणी है, "भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था अनुकरणीय है। उसकी परिपक्व ता और सादगी हमें अभिभूत करती रही है। मैं इसे दुनिया के सर्वाधिक परिपक्व लोकतंत्र में से एक मानता हूं। भारतीय मतदाताओं के विवेक की जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है।"
कई ब्रिटिश नेता मीडिया के इस निष्कर्ष पर भरोसा कर रहे थे कि इस बार जनादेश ज्यादा खंडित होगा, लेकिन जो नतीजे आए हैं उनने उन्हें प्रभावित किया है। लेबर फ्रेंड्स ऑफ इंडिया के प्रमुख स्टीफन पाउंड कहते हैं, "इन चुनावी नतीजों ने सबको चौंकाया है। जनता के फैसले का पहले से आकलन करना आसान नहीं है। इन नतीजों से पता चलता है कि कोई भी विशेषज्ञ जनता के रुझान का सटीक आकलन नहीं कर सकता। मेरी पार्टी के बारे में भी प्रतिकूल निष्कर्ष निकाले जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि आगामी चुनाव में लेबर पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा, पर मैं समझता हूं कि यह आकलन भारत की तरह ही गलत साबित होगा।"
ब्रिटेन के कई नेताओं ने भारतीय चुनावी नतीजों को जनता के स्पष्ट इरादे का सबूत करार दिया है। उनका मानना है कि भारत की जनता ने कांग्रेस को सत्ता में फिर से लाने का फैसला कर लिया था और इसका अंदाजा राजनीतिक पंडित भी नहीं लगा पाएं। स्टीफन कहते हैं कि भारत की जनता इतनी परिपक्व हो गई है कि वह अपने फैसले को मीडिया के आडंबरपूर्ण या आधारहीन आकलन से प्रभावित होने नहीं देती।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications