कांग्रेस की जीत से उत्साहित है युवा वर्ग
नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। 20 वर्षीया रईसा खान की नजर पूरे दिन टीवी पर लगी रही और उन्हें उम्मीद है कि कांग्रेस को वोट देने का उनका फैसला सही साबित होगा। रईसा की तरह ऐसे कई युवक हैं जो कांग्रेस की सत्ता वापसी को देशहित में मानते हैं।
इन युवाओं का कांग्रेस के लिए मतदान करने पर गर्व है। रईसा कहती हैं, "मुझे खुशी है कि मैंने एक बेहतर पार्टी को वोट दिया है। मेरे लिए यह पार्टी इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह देशहित में फैसले लेती है। भाजपा को गड़े मुर्दे उखाड़ने की आदत है, जबकि कांग्रेस इससे परहेज करती है। राहुल गांधी की सीधी बातें मुझे अच्छी लगीं। उन्होंने देश निर्माण युवाओं की भूमिका पर जोर दिया है। यह वाकई बहुत अहम बात है।"
पीएचडी छात्र राजीव जैन भी कांग्रेस की जीत से खुश हैं। वह कहते हैं, "गनीमत है कि कांग्रेस जीत गई। पिछले कुछ दिनों से भाजपा के नेता ऐसे उत्साहित दिख रहे थे, जैसे कि पार्टी की जीत पक्की है। भाजपा के पास मुद्दे नहीं है। हमें राहुल गांधी, उमर अब्दुल्ला, सचिन पायलट जैसे सूझ-बूझ वाले नेताओं की जरूरत है। इसके पास नए विचार हैं।"
भाजपा की हार को युवाओं की अनदेखी का नतीजा भी देखा जा रहा है। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रिसर्च फाउंडेशन के प्रमुख तरुण विजय मीडिया से बातचीत करते हुए कहते हैं, "भाजपा की हार के पीछे युवाओं की अनदेखी भी प्रमुख वजह है।"
वैसे, राजनीतिक विश्लेषक एन. भास्कर राव इसकी वजह युवाओं की अनदेखी नहीं मानते। वह कहते हैं, "भाजपा ने बड़े पैमाने पर नकारात्मक प्रचार किया, जबकि कांग्रेस का प्रचार ज्यादा सकारात्मक था। भाजपा अतीत में उलझी रही, जबकि कांग्रेस भविष्य की बात करती रही। इससे कांग्रेस के बारे में लोगों में अच्छा संदेश गया। राहुल गांधी ने तथ्यों के आधार पर जनता के सामने बात रखी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications