स्वाइन फ्लू: भारत में दस्तक, मेक्सिको में 66 मरे (लीड-1)
हैदराबाद के एक 23 वर्षीय युवक के फ्लू के वायरस ए(एच1एन1) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी बयान में कहा गया है कि यह युवक एमिरेट्स एयरलाइंस के विमान से न्यूयार्क से दुबई होते हुए बुधवार को हैदराबाद पहुंचा था।
बयान में कहा गया है, "युवक को अलग रखकर उसे चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई गई है। उसके चिकित्सीय नमूनों की जांच सकारात्मक रही है।"
मंत्रालय का कहना है, "संबंधित एयरलाइंस से कहा गया है कि वह उन यात्रियों की सूची मुहैया कराए जो विमान में इस युवक के नजदीक बैठे थे। इन यात्रियों के बारे में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और संबंधित देशों को भी सूचना दी जाएगी।"
विमान में युवक के साथ बैठे यात्रियों से कहा गया है कि वे एक सप्ताह तक घर के अंदर रहें और बुखार, खांसी व सांस लेने में परेशानी जैसे स्वाइन फ्लू के बुनियादी लक्षणों का ध्यान दें।
स्वाइन फ्लू से मेक्सिको में मरने वालों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मेक्सिको में अब तक स्वाइन फ्लू के वायरस ए(एच1एन1) से संक्रमित होने वालों की संख्या 2,829 हो गई है।
मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्री जोसे एंजेल कोर्दोवा ने शुक्रवार को बताया कि स्वाइन फ्लू से ज्यादातर लोगों की मौत 23 अप्रैल से पहले हुई है। उन्होंने कहा कि फ्लू की वजह से स्कूल और विश्वविद्यालय अगले एक सप्ताह तक और बंद रहेंगे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक इक्व वाडोर में शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के पहले मामले की पुष्टि हुई। यहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 12 वर्षीय एक लड़का इस बीमारी की चपेट में आया है। इसके साथ ही इक्वोडोर स्वाइन फ्लू की चपेट में आने वाला 12वां देश बन गया।
तुर्की में भी शनिवार को स्वाइन फ्लू के पहले मामले की पुष्टि हुई। पहले मामले की पुष्टि के साथ ही यहां हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications