अप्रत्याशित चुनावी नतीजों से शेयर बाजार को मजूबती मिलने के आसार
नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। केंद्र में सरकार नहीं बदलने की पुरजोर संभावना ने शेयर बाजार में तेजी के आसार पैदा कर दिए हैं। विश्लेषक मानते हैं कि इन अप्रत्याशित चुनावी नतीजों का असर शेयर बाजार की सेहत पर जरूर पड़ेगा।
एक बार फिर कांग्रेस के नेतृत्व में सरकार बनना तय है और भारतीय अर्थ जगत का मानना है कि आर्थिक नीतियों में स्थायित्व बने रहने का फायदा बाजार को जरूर मिलेगा।
अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक परामर्शदाता कंपनी केपीएमजी के मुख्य निदेशक अरविंद महाजन ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा,"इस परिणाम का सकारात्मक असर जरूर दिखाई देगा। बाजार का राजनीतिक स्थिरता से खास रिश्ता रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि सरकार इस बार वामपंथियों पर निर्भर नहीं रहेगी, ऐसे में सरकार के आर्थिक फैसले की राह में पहले की तरह रुकावट नहीं आनी चाहिए।"
उनका मानना है कि सत्ता की कमान दोबारा मनमोहन सिंह के हाथों में होने से आर्थिक जगत में अच्छा संदेश जाएगा, क्योंकि मनमोहन आर्थिक सुधारों के जबर्दस्त पैरोकार रहे हैं।
चुनाव नतीजे आने के बाद बाम्बे शेयर बाजार के सूचकांक में 300 अंकों से ज्यादा का सुधार हुआ। सूचकांक में 2.53 प्रतिशत अधिक का सुधार हुआ। एसएमसी कैपिटल्स के जगन्नाधम थुनूगुंटला ने इस संवाददाता से बाचतीत करते हुए कहा, "यह स्पष्ट जनादेश है। बाजार के लिए इससे बड़ी खुशखबरी और क्या हो सकती है। अब सरकार वामपंथियों के अवरोध के बगैर फैसले ले सकेगी।"
सीआरएन इंडिया के शेयर विश्लेषण विभाग में मुख्य तकनीकी विश्लेषक नीरा जैन का कहना है, "पिछले कुछ सप्ताहों से शेयर बाजार भ्रम की स्थिति में था। सोमवार से बाजार में तेजी का रुख दिखाई दे सकता है। शेयर बाजार के लिए यह एक शुभ संकेत है। बाजार को पूरी रफ्तार पकड़ने में थोड़ा वक्त लग सकता है, पर निश्चित तौर पर यह शुभ खबर है कि सरकार अब ज्यादा स्वतंत्र तरीके से फैसले ले पाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications