अंतरिक्ष यात्रियों ने हबल की मरम्मत के लिए अंतरिक्ष में चहलकदमी की
वाशिंगटन, 16 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों ने हबल अंतरिक्ष दूरबीन के तीन जोड़े गायरोस्कोप की मरम्मत के लिए अंतरिक्ष में चहलकदमी की। यह इन अंतरिक्ष यात्रियों की दूसरी चहलकदमी थी।
अंतरिक्ष यात्री माइक मासीमिनो और माइकल गुड ने दूरबीन को वांछित दिशा में रखने वाले इन तीन जोड़े गायरोस्कोप को हटाया और उनकी जगह नए गायरोस्कोप लगाए। ये यंत्र दूरबीन को विशालकाय आकाशीय पिंडों की ओर स्थिर रखते हैं।
ये यंत्र एक खास तरह के बक्से में बंद रहते हैं। अंतरिक्ष यात्रियों को इस बक्से को खोलकर गायरोस्कोप बदलने में काफी संघर्ष करना पड़ा। पहले पुराने गायरोस्कोप को ही बक्से में पूरी तरह फिट करने की कोशिश की गई, लेकिन जब इसमें कामयाबी हाथ नहीं लगी तो उन्होंने इन यंत्रों की जगह नये यंत्र लगाने का फैसला किया। इससे पहले के एक मिशन में भी हबल के गायरोस्कोप को बदलने की नौबत आई थी।
नासा के अधिकारियों ने शुक्रवार को की गई हबल की मरम्मत को बड़ी कामयाबी करार दिया है। उन्होंने इस अंतरिक्ष चहलकदमी को अब तक की सबसे जटिल चहलकदमी करार दिया है। यह काम इतना जटिल था कि मासीमिनो को दूरबीन की खराबी दूर करने के लिए उसके अंदर रेंगकर प्रवेश करना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications