अभिनव बिंद्रा के पिता के खिलाफ सख्त मामला : पुलिस (लीड-1)
सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें चंडीगढ़ के एक अस्पताल में दाखिल किया गया है। उन्हें अस्पताल में और अधिक समय तक रहने की अनुमति प्रदान कर दी गई है।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने कहा, "हमारे जांच अधिकारी ने ए.एस. बिंद्रा को नई दिल्ली लाने के लिए चंडीगढ़ की एक अदालत में अर्जी दी है। लेकिन बिंद्रा की चिकित्सकीय र्पिोट को देखने के बाद अदालत ने इलाज के लिए और समय मुकर्रर कर दिया। अदालत ने कहा कि शनिवार को कोई आदेश पारित करने के पहले वह एक बार नई चिकित्सकीय रिपोर्ट देखेगी।"
अभिनव के पिता ए.एस. बिंद्रा को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा के एक दल ने गुरुवार की शाम मोहाली स्थित उनके फार्महाउस से गिरफ्तार किया था। बिंद्रा पर एक निजी वित्तीय कंपनी और एक निजी बैंक के साथ वर्ष 2006 और 2007 में नौ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
बिंद्रा ने अपनी कंपनी पंजाब मीट्स लिमिटेड के लिए ऋण लिया था। उन पर उस जमीन को बेच देने का भी आरोप है, जिसे ऋण के एवज में गिरवी रखा गया था।
गिरफ्तारी के बाद बिंद्रा ने सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके उपरांत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिंद्रा को शुक्रवार को दिल्ली लाया जाना था लेकिन सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल चंडीगढ़ के सेक्टर-32 में स्थित गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हास्पिटल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों का कहना है कि बिंद्रा को अस्पताल के कार्डिक केयर यूनिट (सीसीयू) कक्ष में रखा गया है।
पुलिस के प्रवक्ता भगत ने कहा, "बिंद्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम उन्हें छुट्टी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद उन्हें दिल्ली लाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा।"
बिंद्रा के खिलाफ दो कंपनियों ने नवंबर 2006 और फरवरी 2007 में कनॉट प्लेस थाने में मामला दर्ज कराया था। इसी की सुनवाई करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने कुछ दिनों पहले बिंद्रा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications