शीर्ष लिट्टे नेता का परिवार पलायन करते पाया गया
कोलंबो, 15 मई (आईएएनएस)। श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय की ओर से कहा गया कि नौसेना ने शुक्रवार को लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के एक शीर्ष नेता के पारिवारिक सदस्यों को नागरिकों के एक समूह के साथ पलायन की कोशिश करते हुए पहचान लिया।
मंत्रालय की वेबसाइट पर कहा गया है कि इन सदस्यों की पहचान लिट्टे के समुद्री इकाई के नेता सूसाई की पत्नी, उसके बेटे, बेटी, साली और साली के बेटे के रूप में की गई है। ये सभी 11 नागरिकों के समूह के साथ नौसेना के संरक्षण वाली एक नाव पर सवार थे।
सूसाई के परजिनों के पास से भारी मात्रा में धनराशि बरामद की गई है।
मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि सरकारी सैनिकों ने इलाके के कारियालामुल्लैइ गांव में विद्रोहियों द्वारा बंधक बनाए गए 1,500 नागरिकों को मुक्त करा लिया है। लेकिन माना जा रहा है कि उत्तर पूर्व श्रीलंका में विद्रोहियों के नियंत्रण वाली भूमि की एक पतली पट्टी में अभी भी लगभग 20,000 नागरिक फंसे पड़े हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications