नक्सलियों का पुलिस हेलीकाप्टर पर हमला, 1 की मौत
रायपुर, 15 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों ने पुलिस के एक हेलीकाप्टर पर उस समय हमला कर दिया जब हेलीकाप्टर उड़ान भर रहा था। इस हमले में एक जवान की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया।
यह हमला दंतेवाड़ा जिले के घने जंगलों वाले क्षेत्र किस्तराम पुलिस स्टेशन के पास किया गया।
पुलिस मुख्यालय के उप महानिरीक्षक पवन देव ने आईएएनएस से कहा कि मारे गए पुलिसकर्मी की पहचान लक्ष्मी नारायण ध्रुव के रूप में हुई। घायल पुलिसकर्मी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हेलीकाप्टर पर दो गोलियां लगीं जिससे उसे आंशिक क्षति पहुंची है। हमले के बाद हेलीकाप्टर घटनास्थल से 200 किलोमीटर दूर जगदलपुर पहुंचने में कामयाब रहा।
हेलीकाप्टर निजी कंपनी की है जिसे पुलिस विभाग ने नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान चलाने के लिए किराए पर लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications