मतगणना के दिन अधिकांश नेता क्षेत्रों में तो कुछ रहेंगे दिल्ली में
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मीडिया प्रभारी गोविन्द मालू ने आईएएनएस को बताया कि सुषमा स्वराज और नरेन्द्र सिंह तोमर मतगणना के वक्त भोपाल में रहेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुमित्रा महाजन अपने संसदीय क्षेत्र इन्दौर और दिलीप सिंह भूरिया झाबुआ में मौजूद रहेंगे।
वहीं कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया दिल्ली में और कान्तिलाल भूरिया के अपने संसदीय क्षेत्र झाबुआ में रहने की संभावना है।
प्रदेश की 29 सीटों में से अधिकांश में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है तो कुछ स्थानों पर बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी ने मुकाबले को तिकोना बना दिया है। भाजपा जहां पिछले चुनाव की ही तरह 24 स्थानों पर जीत हासिल करने का दावा कर रही है तो वहीं कांग्रेस दहाई के अंक को पाने की जुगत में है।
इस चुनाव में कांग्रेस के केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ, कान्तिलाल भूरिया, ज्योतिरादित्य सिंधिया का चुनावी भविष्य दांव पर लगा है तो भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी, सुमित्रा महाजन और दिलीप सिंह भूरिया के चुनावी भविष्य का भी फैसला होने वाला है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य की 29 सीटों की मतगणना का काम प्रदेश के सभी 50 जिला मुख्यालयों में होगा। इस काम के लिए 10,356 कर्मचारियों को लगाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications