रूसी किशोरी की मौत को लेकर पुलिस व रेलवे आमने-सामने
केआरसीएल के प्रवक्ता बबन घाटे ने सोमवार को मीडिया के सामने भी यही बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि कोई रूसी पर्यटक ट्रेन के नीचे नहीं गिरा था। उन्होंने पुलिस द्वारा गढ़ी गई दुर्घटनाजनित मौत की कहानी को खारिज कर दिया था।
घाटे ने आईएएनएस से कहा, "अभी तक केआरसीएल की पटरी पर कोई भी यात्री ट्रेन से नीचे गिर कर ट्रेन की चपेट में नहीं आया है। मैंने इस संबंध में मीडिया में जो बयान दिया था वह सोच विचार कर दिया था।"
घाटे ने कहा, "मुझे पुलिस थाने में बुलाया गया था, क्योंकि वे मेरा बयान दर्ज करना चाहते थे।"
केआरसीएल अधिकारी के बयान ने एलीना की मौत के बारे में पुलिस द्वारा प्रस्तुत की गई कहानी को पूरी तरह खारिज कर दिया है। यहां तक कि रूसी वाणिज्य दूतावास ने भी एलीना की मौत के बारे में पुलिस की कहानी पर अविश्वास जताया है।
ज्ञात हो कि एलीना का क्षत विक्षत शव पिछले सप्ताह रेवोरा गांव के पास रेलवे की पटरी पर पड़ा पाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications