अभिनव बिंद्रा के पिता गिरफ्तारी के बाद अस्पताल में
अभिनव के पिता ए.एस. बिंद्रा को दिल्ली पुलिस की एक टीम ने गुरुवार शाम को पंजाब में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद बिंद्रा ने सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके उपरांत उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिंद्रा को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने मोहाली स्थित उनके फार्महाउस से गिरफ्तार किया था। बिंद्रा पर एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी और एक प्राइवेट बैंक के साथ 9 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
बिंद्रा को शुक्रवार को दिल्ली लाया जाना था लेकिन सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल चंडीगढ़ के सेक्टर-32 में स्थित गर्वनमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हास्पिटल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों का कहना है कि बिंद्रा को अस्पतल के कार्डिक केयर यूनिट (सीसीयू) कक्ष में रखा गया है। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भाटिया ने कहा, "बिंद्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम उन्हें छुट्टी मिलने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद उन्हें दिल्ली लाकर न्यायालय में पेश किया जाएगा।"
बिंद्रा के खिलाफ दो कंपनियों ने नवंबर 2006 और फरवरी 2007 में कनॉट प्लेस थाने में मामला दर्ज कराया था। इसी की सुनवाई करते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने कुछ दिनों पहले बिंद्रा के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications