ओंटारियो के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आएगा व्यापार मिशन
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक कनाडा की अर्थव्यवस्था में लगभग 40 फीसदी की हिस्सेदारी रखने वाले ओंटारियो को वाहन और विनिर्माण सेक्टर की कंपनियों का गढ़ माना जाता है। वहां कुल मिलाकर 2,600 ग्रीन टेक्न ॉलाजी वाली कंपनियां हैं और ओंटारियो भारत के साथ इस सेक्टर में अधिक सहयोग करना चाहता है।
ओंटारियो पहले ही नई दिल्ली स्थित कनाडाई उच्चायोग में अपना व्यापार कार्यालय खोल चुका है और मुंबई में उसका व्यापार प्रतिनिधि नियुक्त है।
अपनी सात दिवसीय भारत यात्रा के दौरान मैकगिंटी ओंटारियों की कंपनियों को बढ़ावा देंगे और निवेश आकर्षित करने की कोशिश करेंगे। मैकगिंटी और उनका प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली के अलावा हैदराबाद तथा मुंबई की यात्रा पर भी जाएंगे।
मैकगिंटी ने कहा, "ओंटारियो स्वच्छ हवा, ऊर्जा और पानी की तकनीकों के विकास में अग्रणी राज्य है। हम भारत में भी हरित अर्थव्यवस्था निर्मित करने में सहायता के इच्छुक हैं।"
उन्होंने कहा कि ओंटारियो के स्वच्छ तकनीकी विचारों को भारत को हस्तांतरित कर हम न केवल प्रदूषण कम कर सकेंगे बल्कि इसकी मदद से यहां रोजगारों का सृजन भी कर पाएंगे।
उल्लेखनीय है कि यह मैकगिंटी की दूसरी भारत यात्रा है। इससे पहले वह जनवरी 2007 में करीब 100 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications