मतगणना के दिन अपने-अपने क्षेत्रों में रहेंगे दिग्गज
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता श्याम रजक ने शुक्रवार को बताया कि शनिवार को मतगणना के दिन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव पटना में और केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह अपने संसदीय क्षेत्र वैशाली में रहेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता विनोद नारायण झा ने बताया कि राजीव प्रताप रूड़ी सारण में, शाहनवाज हुसैन भागलपुर में और शत्रुघ्न सिन्हा पटना में रहेंगे। पटनासाहिब संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी शेखर सुमन भी मतगणना के दौरान पटना में ही रहेंगे।
जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष शरद यादव आज सुबह दिल्ली से विशेष विमान से मधेपुरा पहुंचे। मतगणना के दिन वह मधेपुरा में ही और रहेंगे और चुनाव परिणाम आ जाने के बाद देर शाम वापस दिल्ली लौटेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार में लोकसभा चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले भी आ सकते हैं। यहां राजद और लोजपा गठबंधन के साथ भाजपा तथा जद(यू) गठबंधन की साख दांव पर लगी है। राजद के लालू यादव और रघुवंश प्रसाद सिंह, कांग्रेस से मीरा कुमार और शकील अहमद, भाजपा के राजीव प्रताप रूडी तथा शत्रुघ्न सिन्हा जैसे दिग्गज भी कड़े मुकाबले में फंसे नजर आ रहे हैं। राज्य की 40 संसदीय सीटों में से अधिकांश सीटों पर कांटे का संघर्ष है।
इधर, मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक मतगणना के दौरान मतगणना केन्द्रों में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को दिया गया है। मतगणना को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए मतगणना की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी।
राज्य निर्वाचन विभाग के उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कुमार अंशुमाली के मुताबिक मतगणना केन्द्रों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा की जिला निर्वाचन पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। मतगणना स्थल की सुरक्षा के लिए राज्य सशस्त्र बल के जवानों को तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications