चुनाव बाद अब जोड़तोड़ की रणनीति

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी इसी सिलसिले में गुरुवार को दिल्ली पहुंचे। पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी के आवास पर भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक होनी है जिसमें छोटे-छोटे राजनीतिक दलों को राजग से जोड़ने को लेकर चर्चा होगी।
मोदी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "राजनीतिक कारणों से मैं दिल्ली में हूं। चुनाव बाद की परिस्थिति के बारे में वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा होगी। इसमें कुछ भी छुपाने वाली बात नहीं है।" कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर भी आज शाम पार्टी रणनीतिकारों की बैठक होनी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह और जनार्दन द्विवेदी, केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री कमलनाथ, विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी, रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी और सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल शामिल हो सकते हैं।
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के भी इस बैठक में शामिल होने की संभावना है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "बैठक में पार्टी के प्रदर्शन तथा संभावित नतीजों के साथ ही भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।"
उधर, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात ने आज एक बार फिर स्पष्ट किया कि वाम दल किसी भी सूरत में कांग्रेस का समर्थन नहीं करेंगे। उल्लेखनीय है कि बुधवार को खत्म हुए लोकसभा चुनाव के बाद लगभग सभी चैनलों ने अपने-अपने चुनाव बाद के सर्वेक्षणों में खंडित जनादेश मिलने की संभावनाएं जताई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications