पानी पर झगड़े में तीन की हत्या

भोपाल के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र में स्थित संजय नगर निवासी जीवन मालवीय और उनके पड़ोसी के बीच बुधवार को पानी भरने को लेकर विवाद हुआ। जानकारी के मुताबिक मालवीय के परिवार के सदस्य पाइपलाइन से पाइप लगाकर पानी भर रहे थे। जिसपर पड़ोसी केशव ने आपत्ति की और दोनों के बीच विवाद हो गया। बुधवार देर रात इस विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और केशव के परिजनों ने कथित तौर पर मालवीय के घरवालों पर चाकुओं से हमला कर दिया।
आरोपियों के घर पर पथराव
हमले में जीवन मालवीय, उनकी पत्नी सीताबाई और बेटे राजू की जान चली गई। जीवन का भाई सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया उसे हमीदिया अस्पताल दाखिल कराया गया है। इस वारदात के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घरों पर पथराव भी किया।
भोपाल के पुलिस अधीक्षक जयदीप प्रसाद ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि इस मामले में रूपेश नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और बाकी की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि इसकी जांच की जा रही है कि इस तिहरे हत्याकांड की वजह सिर्फ पानी का विवाद है या कुछ और।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications