ओबामा ने दी श्रीलंका में 'आपदा' की चेतावनी
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ओबामा ने तमिल विद्रोहियों से हथियार डालने तथा अपने कब्जे वाले इलाकों से नागरिकों को बाहर निकलने की इजाजत देने का अनुरोध किया है। ओबामा ने श्रीलंका सरकार से भी कहा है कि वह नागरिक इलाकों में गोलाबारी बंद करे और सहायता एजेंसियों को वहां तक जाने दे।
ओबामा ने कहा कि तत्काल कार्रवाई नहीं की तो यह मानवीय संकट आपदा का रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि कुछ राजनीतिक मसलों को अलग रखकर सबसे पहले उन इलाकों में फंसे मासूम बच्चों, औरतों और पुरुषों के जीवन की रक्षा की जाए।
तमिल विद्रोही संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के खिलाफ जारी अभियान में पिछले चंद दिनों में 450 नागरिक मारे गए हैं और लिट्टे के कब्जे वाले छह किलोमीटर से भी कम इलाके में 20,000 से ज्यादा नागरिक फंसे हुए हैं।
ओबामा ने कहा, "श्रीलंका की जनता के तकलीफों भरे दौर में अमेरिका अंतर्राष्ट्रीय राहत एजेंसियों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।"
ओबामा ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि हमारे पास ज्यादा वक्त बचा है। अब समय आ गया है जब हम सभी एकजुट होकर इस मानवीय पीड़ा को विकराल रूप धारण करने से रोकने के लिए कदम उठाएं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications