बुलंद हैं छोटी पार्टियों के सितारे
नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। भविष्यवक्ताओं की मानें तो 16 मई को मतगणना के बाद एक बार फिर खंडित जनादेश आएगा और छोटे-छोटे राजनीतिक दलों की किस्मत के सितारे बुलंदी पर रहेंगे।
दिल्ली के जाने माने भविष्यवक्ता प्रेम कुमार शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "न तो कांग्रेस और न ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने दम पर सरकार बनाने में सफल होगी। कांग्रेस को अधिक से अधिक 135 से 140 के बीच और भाजपा को 165 के आसपास सीटें मिल सकती हैं।"
उन्होंने कहा कि सरकार बनाने में तीसरा मोर्चा और छोटी राजनीतिक पार्टियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
शर्मा के मुताबिक मनमोहन सिंह दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बन सकेंगे और इस पद के लिए कोई चौंकाने वाला नाम सामने आएगा। इसमें तीसरे और चौथे मोर्चे की भूमिका अहम रहेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी प्रधानमंत्री बनने के बेहद करीब आएंगे लेकिन बन नहीं पाएंगे। उनके योग में शनि की स्थिति बहुत मजबूत है लेकिन वह भी उन्हें प्रधानमंत्री की कुर्सी पर नहीं बिठा सकेगा।
शर्मा ने यह भविष्यवाणी भी की सरकार जिसकी भी बनेगी वह स्थिर नहीं रहेगी और दो सालों के भीतर ही देश में मध्यावधि चुनाव होंगे। उसके बाद ही स्थिर सरकार बनेगी।
प्रसिद्ध भविष्यवक्ता आचार्य चक्रधर का भी यही मानना है कि 2011 में देश को मध्यावधि चुनाव का सामना करना पड़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications