दुनियाभर में स्वाइन फ्लू के 6,500 मामले
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक ईसीडीसी द्वारा जारी आंकड़े में कहा गया है कि दुनिया भर में स्वाइन फ्लू के कोई 6,497 मामलों में से अमेरिका में 3,352, मेक्सिको में 2,446 और कनाडा में 389 लोग इस बीमारी की चपेट में हैं।
ईसीडीसी की ओर से कहा गया है कि बुधवार को पनामा में बीमारी से ग्रस्त लोगों की संख्या ठीक दोगुनी, यानी 29 हो गई है। कोस्टा रिका और ब्राजील में आठ-आठ मामले प्रकाश में आए हैं। कोलंबिया में छह लोग इस बीमारी से पीड़ित हैं, जबकि अल सल्वाडोर में चार मामलों की पुष्टि की गई है।
एशिया व प्रशांत क्षेत्र में, चीन में दो नए मामलों के प्रकाश में आने के साथ पीड़ितों की संख्या चार हो गई है, जबकि थाईलैंड में पहली बार दो मामले प्रकाश में आए हैं।
ईसीडीसी की ओर से कहा गया है कि अब तक इस बीमारी में कुल 65 लोग मौत के मुंह में समा चुके हैं। इसमें से 60 व्यक्ति मेक्सिको में, तीन अमेरिका में और एक कनाडा में इस बीमारी के कारण अपनी जानें गंवा चुके हैं।
यूरोप में बुधवार को पांच नए मामलों की पुष्टि की गई थी। इसके साथ ही यूरोप में इस बीमारी के कुल पुष्ट मामलों की संख्या 222 हो गई है।
स्पेन में कुल 100 मामलों की पुष्टि की गई है। ब्रिटेन में 71, फ्रांस में 14, जर्मनी में 12 और इटली में नौ मामले प्रकाश में आए हैं।
बेल्जियम में एक मामले के प्रकाश में आने के बाद कुल 16 यूरोपीय देश इनफ्लुएंजा ए (एच1एन1) के गिरफ्त में आ गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications