चुनावी भागदौड़ के बाद उत्तर प्रदेश में नेता फरमा रहे हैं आराम
केरल के तिरुवनंतपुरम से अपने चुनावी प्रचार अभियान की शुरुआत करने वाली बहुजन समाज पार्टी(बसपा)की अध्यक्ष व राज्य की मुख्यमंत्री मायावती उत्तराखंड के हरिद्वार और देहरादून में आखिरी चुनावी रैलियां कर 11 मई की शाम लखनऊ आ गईं थीं।
सूत्रों के मुताबिक अगले तीन दिन तक उनका कोई कार्यक्रम नहीं है। वह लखनऊ में आराम करेंगी। संभावना है कि 16 मई को मतगणना वाले दिन भी वह यहां रहेंगी।
मायावती ने पिछले दो महीनों के दौरान करीब 150 चुनावी रैलियां प्रदेश और प्रदेश के बाहर कीं। बसपा की तरफ से चुनाव अभियान में लगे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीशचंद्र मिश्रा भी लखनऊ में आराम फरमा रहे हैं।
समाजवादी पार्टी(सपा) मुखिया मुलायम सिंह यादव प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शिवपालसिंह यादव के साथ मंगलवार को इटावा से लखनऊ आ गए।
मुलायम सिंह ने चुनावी अभियान के दौरान करीब सवा सौ रैलियां कीं। एक दिन आराम करने के बाद वह गुरुवार को वह दिल्ली पहुंच गए हैं।
सपा सूत्रों के मुताबिक वह आज शाम दिल्ली से लौटकर 16 मई तक लखनऊ में रहेंगे। उधर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के बागी एवं पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह सपा प्रत्याशियों के समर्थन में चौथे और पांचवें चरण में चुनाव प्रचार करने के बाद अलीगढ़ के अपने घर में आराम फरमा रहे हैं। मतगणना वाले दिन वह लखनऊ पहुंचेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी सोमवार को सहारनपुर में अपनी आखिरी जनसभा करने के बाद लखनऊ आ गए और वह यहीं पर थकान मिटा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव अभियान की समाप्ति के बाद मंगलवार को पहले दिल्ली गईं और बुधवार शाम लखनऊ वापस लौटकर यहां सुस्ता रहीं हैं।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुबोध श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि जोशी मतगणना वाले दिन तक लखनऊ में रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि देश के सर्वाधिक 80 लोकसभा सीटों वाले उत्तर प्रदेश में 16 अप्रैल, 23 अप्रैल, 30 अप्रैल, 7 मई और 13 मई को पांच चरणों में मतदान कराया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications