लगातार दूसरे दिन शेयर बाजारों में गिरावट (राउंडअप)
बीएसई में तेल एवं गैस, प्रौद्योगिकी, पूंजीगत वस्तुओं, धातु तथा बैंकिंग आदि सेक्टरों के सूचकांक नरमी के साथ जबकि रियल्टी, आटो, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं आदि सेक्टरों के सूचकांक सकारात्मक रुख पर बंद हुए।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' पिछले बंद के मुकाबले 245.61 अंकों की गिरावट के साथ 11,774.04 पर खुला।
कारोबार के अंत में 146.74 अंकों यानी 1.22 फीसदी की गिरावट के साथ 11,872.91 पर बंद होने वाले सेंसेक्स ने आज 11,695.52 के निचले और 11,935.86 के ऊपरी स्तर पर कारोबार किया।
सेंसेक्स के विपरीत बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांक गुरुवार को हल्की बढ़त के साथ बंद हुए। मिडकैप सूचकांक 15.48 अंकों की गिरावट के साथ 3,756.93 के स्तर पर और स्मालकैप सूचकांक 23.94 अंकों की बढ़त के साथ 4,244.15 के स्तर पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' भी पिछले बंद के मुकाबले 3.35 अंकों की गिरावट के साथ 3,631.90 के स्तर पर खुला। कारोबार के अंत में निफ्टी 41.80 अंकों की गिरावट के साथ 3,593.45 पर था। निफ्टी दिन के कारोबार के दौरान 3,537.60 के निचले और 3,631.90 के ऊपरी स्तर पर गया।
बीएसई में दिन का कारोबार नकारात्मक रहा और यहां 1,213 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट आई जबकि 1,263 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में इजाफा देखा गया।
बीएसई सेंसेक्स में गुरुवार को डीएलएफ लिमिटेड, रैनबैक्सी लेबोरेटरीज और रिलायंस इंफ्रा आदि कंपनियों के शेयरों की कीमतों में इजाफा हुआ जबकि स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स और विप्रो लिमिटेड आदि कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications