झारखंड में भाजपा को 10 सीटों पर जीत का भरोसा
झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रघुवर दास ने आईएएनएस को बताया, "समाचार चैनलों को अनुमान लगाने दीजिए। हमें पूरी उम्मीद है कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का इस चुनाव में सूपड़ा साफ हो जाएगा।"
उन्होंने कहा कि राज्य की 14 में से 10 सीटों पर भाजपा की जीत पक्की है। पार्टी को चतरा संसदीय सीट पर भी जीत की पूरी उम्मीद है। चतरा से जनता दल (युनाइटेड) के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी चुनाव मैदान में हैं।
बहरहाल, कांग्रेस ने भाजपा के इस दावे को दिवास्वपन करार दिया है। कांग्रेस नेता आलोक दुबे ने कहा, "संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के घटक दलों ने बेशक इस बार अलग-अलग चुनाव लड़ा और भाजपा को इसका फायदा भी मिलेगा लेकिन भाजपा दिन में भी सपने देख रही है।"
उल्लेखनीय है कि विभिन्न समाचार चैनलों ने झारखंड में भाजपा और जद (यु) को सात से नौ सीटें, कांग्रेस और झामुमो को तीन-तीन सीटें मिलने का दावा किया है।
वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को एकमात्र सीट पर ही जीत मिल सकी थी जबकि कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और झामुमो को छह सीटें मिली थी। एक सीट भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के खाते में गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications