तालेबान के मुख्यालय पर हवाई हमले

स्वात में तालेबान के ख़िलाफ़ जारी फ़ौजी कारवाई के 10वें दिन पाकिस्तानी सेना ने गेट पियुचार में तालेबान के हेडक्वार्टर और मिंगोरा पर हवाई हमले किए है. विभिन्न सूत्रों से मिली ख़बरों के अनुसार तालेबान और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़पें जारी है और इस दौरान नागरिकों के हताहत होने की भी ख़बरें मिल रही हैं.
मिंगोरा से दो किलोमीटर दूर कोगारी के इलाक़े में बुधवार की सुबह एक घर पर मोर्टर गोला गिरने से एक महिला समेत तीन लोगों के मारे जाने और एक दूसरे व्यक्ति के ज़ख़्मी होने की ख़बर है. मिंगोरा और गेट पियुचार पर हवाई बमबारी के कारण भी लोगों के मारे जाने की आशंका है लेकिन इस बारे में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है.
मानवीय संकट
फ़ौजी कारवाई से प्रभावित क्षेत्रों से लोगों का पलायन सिलसिला जारी है और एक अंदाज़े के मुताबिक़ अब तक वहाँ से 13 लाख लोग सुरक्षित इलाक़ों में जा चुके हैं. इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पलायन से एक संकट पैदा हो गया है.स्वात से लोगों के पलायन को पिछले 15 वर्षों में दुनिया का सबसे बड़ा विस्थापन कहा जा रहा है.
13 लाख लोग अभी तक स्वात घाटी छोड़ कर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए हैं.इस मानवीय संकट से निकलने के लिए पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून से मुलाक़ात की और उनसे तुरंत मदद की अपील की.
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव ने इस मौक़े पर पत्रकारों से बात करते हुए स्वात की स्थिति पर चिंता जताई और पाकिस्तान को सहायता देने का आश्वासन दिया.फिर भी उन्होंने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी से कहा कि इस फ़ौजी कारवाई में नागरिकों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए हर संभव कोशिश की जाए.
ताज़ा सूचना के अनुसार स्वात, मिंगोरा और दूसरे इलाक़ों में कर्फ़्यू लगा हुआ है जिसके कारण नागरिकों को वहाँ से निकलने में परेशानी हो रही है.इस इलाक़े में पत्रकारों के जाने पर पूरी पाबंदी है जिसके कारण वहाँ से ख़बरें मिलने में कठिनाई हो रही है.
इससे पहले फ़ौज के अधिकारियों ने सूबा सरहद के तीन ज़िलों में चरमपंथियों के विरुद्ध कारवाई में मारे जाने वाले चरमपंथियों की संख्या साढ़े सात सौ बताई थी. लेकिन तालेबान के प्रवक्ता ने अपने बारह साथियों के मरने की पुष्टि की थी.दूसरी ओर 29 सुरक्षाकर्मी मारे गए और 77 अन्य घायल हुए हैं.
अधिकारियों ने ये भी दावा किया था कि चरमपंथियों के पाँव उखड़ गए हैं और वे भाग रहे हैं. लेकिन तालेबान के प्रवक्ता मुस्लिम ख़ान के अनुसार स्वात का मुख्य इलाक़ा मिंगोरा मंगल की शाम तक तालेबान के क़ब्ज़े में था और उनके लड़ाकू विभिन्न स्थानों पर मुक़ाबला कर रहे थे.


Click it and Unblock the Notifications