हारने पर भी राजनीति में रहूंगी: जयाप्रदा

जयाप्रदा ने माना कि उनके सामने यह बड़ी लड़ाई है, लेकिन उन्होंने जोर देते हुए कहा कि वह चुनाव जीतकर आजम खान को जवाब देंगी। जयाप्रदा ने कहा, "अगर कुछ लोग यह समझते हैं कि मैं चुनाव हार कर रामपुर और राजनीति से दूर चली जाऊंगी, तो मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि ये उनकी भूल है। हार कोई अंत नहीं है। मैं नहीं भी जीती तब भी राजनीति में बनी रहूंगी और रामपुर के लोगों की सेवा करुंगी।"
आत्महत्या करने का ख़याल आया
आजम खान पर निशाना साधते हुए जयाप्रदा ने कहा, "उन्होंने विरोधियों के साथ मिलकर मेरे अश्लील पोस्टर और सीडी बनवाए। उनके इस षडयंत्र से मुझे बहुत रोना आया और एक बार आत्महत्या करने का ख़याल भी आया लेकिन मेरे परिवार ने इस दौरान मुझे बहुत हिम्मत दी, जिसके बाद मैं और मजबूती से मुकाबला कर रही हूं।"
आजम पर पार्टी द्वारा कार्रवाई करने के सवाल पर जयाप्रदा ने कहा कि यह पार्टी के बड़े नेताओं का काम है। लोकसभा चुनाव के पांचवे और अंतिम चरण में राज्य के 14 लोकसभा क्षेत्रों में बुधवार सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। इस चरण में सहारनपुर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, धौरहरा, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, आंवला, खीरी, बदांयू, संभल, अमरोहा और रामपुर संसदीय सीटों पर मत डाले जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications