ज्यादा जोखिम लेने से बचें : पाक सेना प्रमुख
इंटर सर्विसिज जनसंपर्क (आईएसपीआर) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) ने सेना से सीमित नुकसान सुनिश्चित करने और जोखिम लेने के स्थान पर पूरी तैयारी से हमले का सहारा लेने को कहा है।
यह चेतावनी पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) में जारी सैन्य अभियान के 18 वें दिन जारी हुई है। सेना का दावा है कि उसने अब तक 751 आतंकवादियों को मार गिराया है।
बयान में कहा गया कि पाकिस्तानी सेना स्वात में जारी सैन्य अभियान की प्रकृति और उसके परिणामों से पूरी तरह परिचित है।
बयान में कहा गया है कि अधिक क्षति और आतंरिक रूप से विस्थापन आबादी वाले इलाकों में किसी भी सैन्य अभियान के प्राकृतिक परिणाम हैं। इस इलाके में सैन्य अभियान की सफलता तीन बातों-सैन्य कार्रवाई के संचालन, अपनी क्षति कम रखना और आंतरिक रूप से विस्थापितों के सही प्रबंधन पर निर्भर है।
बयान में कहा गया कि स्वात, निचले दीर और बुनेर में सैन्य अभियान शीघ्र समाप्त होने वाला नहीं है।
उधर ब्रिटिश दैनिक 'डेली टेलीग्राफ' ने बुधवार को खबर दी है कि पाकिस्तानी सेना की योजना अगले महीने के आरंभ से कबायली इलाके के दक्षिणी वजीरिस्तान में भी तालिबान के खिलाफ सैन्य अभियान आरंभ करने की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications