भावी रणनीति के लिए तीसरा मोर्चा सोमवार को करेगा बैठक (लीड-1)
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव प्रकाश करात ने बुधवार को कहा कि चुनाव परिणाम आ जाने के बाद 18 मई को गैरकांग्रेसी और गैरभाजपाई दलों की एक बैठक होगी जिसमें आगे की रणनीति पर विचार विमर्श किया जाएगा।
करात ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि इस बैठक में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती भी शिरकत करेंगी।
उन्होंने कहा, "ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके), तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा), बीजू जनता दल (बीजद), जनता दल (सेक्युलर) और अन्य वाम दलों से चर्चा के बाद हमने 18 मई को दिल्ली में बैठक करना तय किया है। इस बैठक में बसपा सहित गैरभाजपा और गैरकांग्रेस दल भाग लेंगे। बैठक में सरकार बनाने को लेकर भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी।"
उन्होंने कहा कि इस बैठक में केंद्र में वैकल्पिक धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने की सभी संभावनाओं पर मंथन किया जाएगा।
करात ने कहा कि इससे पहले 16 मई को सभी वामदलों की एक बैठक होगी। इस बैठक के बाद माकपा पोलित ब्यूरो और माकपा केंद्रीय समिति की भी बैठकें होंगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा तेदेपा अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू को साधने के प्रयासों के बारे में जब करात से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "कांग्रेस और भाजपा का विरोध करने वाले नेताओं में नायडू सबसे आगे हैं। उन्होंने ही मुझसे 18 मई की बैठक के बारे में घोषणा करने को कहा है।"
जद (एस) नेता व कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच. डी. कुमारस्वामी की सोनिया गांधी से हुई मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर करात ने कहा कि इस बारे में पूर्व प्रधानमंत्री एच. डी. देवेगौड़ा ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications