पाकिस्तान में सेना ने 10 आतंकवादियों को मार गिराया
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने एक दिन पहले ही लड़ाई के कारण इलाके से बेघर हुए करीब 750,000 लोगों की सहायता के लिए अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से अपील की थी।
विश्लेषकों के अनुसार यह अभियान पाकिस्तानी सेना की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की क्षमता का एक बड़ा परीक्षण है।
सेना के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि स्वात के प्रमुख कस्बे मिंगोरा में एक घर पर मोर्चा जमाए तालिबान आतंकवादियों पर हेलीकाप्टर से हमला किया गया।
पुछार नामक एक छोटी सी घाटी में भी हमला जारी है। अधिकारी ने अपना नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि इस इलाके में अल कायदा और तालिबान आतंकवादियों ने प्रशिक्षण केंद्रों, गोला बारूद के भंडारों और संचार केंद्रों की स्थापना कर रखी है।
इससे लगे निचले दीर इलाके में जारी लड़ाई में 10 आतंकवादियों और एक सैनिक की मौत हुई है।
एक खुफिया अधिकारी ने कहा कि हमारे तोपखाने ने आतंकवादियों के एक भूमिगत बंकर को नष्ट कर दिया।
उधर पाकिस्तान सरकार ने मंगलवार को दावा किया कि इलाके से आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों की संख्या 750,000 तक पहुंच गई है।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इस स्थिति को मानवीय त्रासदी की संज्ञा दी।
मानव अधिकार निगरानी संस्था ने तालिबान और पाकिस्तानी सेना दोनों से नागरिकों को होने वाले नुकसान से बचने का आग्रह किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications