चुनावी हिंसा : तमिलनाडु व पश्चिम बंगाल में झड़पें, 1 की मौत
तमिलनाडु पुलिस ने बताया कि डिंडिगुल कस्बे में विपक्षी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के समर्थकों के बीच हुई झड़प में चाकू लगने से डीएमके कार्यकर्ता एस.थंगावेल की मौत हो गई।
थंगावेल की मौत के बाद डीएमके समर्थकों ने भारी पथराव किया, जिससे कस्बे में तनाव फैल गया।
चेन्नई में डीएमके और एमएमके के समर्थकों के बीच झड़पों में सात लोग घायल हो गए और चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि झड़प में तलवारों, लाठियों और पत्थरों का इस्तेमाल किया गया। हिंसा पर काबू पाने के लिए पुलिस बल को घटना स्थल पर भेजा गया है।
अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। चेन्नई से करीब 230 किलोमीटर दूर कुड्डालोर में मतदान केंद्र पर हुई हिंसा में छह लोग घायल हुए।
राज्य के पुलिस महानिदेशक के.पी. जैन ने आईएएनएस को बताया, "हमें छिटपुट हिंसा की कुछ रिपोर्टे मिली हैं लेकिन कुल मिलाकर शांति है और तमिलनाडु में सब कुछ नियंत्रण में है।"
यद्यपि, विपक्षी पार्टी एआईएडीएमके की प्रमुख और विपक्ष की नेता जयललिता ने राज्य के कई इलाकों में धांधली का आरोप लगाया है।
उधर, पश्चिम बंगाल के जादवपुर संसदीय क्षेत्र में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच झड़पें हुईं।
कोलकाता के बाहरी इलाके राजारहाट में मंगलवार रात तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता खेजर अली की हत्या कर दी गई थी। यहां माकपा और तृणमूल के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं।
राज्य में 11 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी सहित 100 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में सात मई को मतदान के दौरान हुई हिंसा के मद्देनजर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किये गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications