हिमाचल प्रदेश में 127 वर्षीय व्यक्ति ने दिया वोट
शिमला, 13 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में बहादुर नामक एक 127 वर्षीय व्यक्ति घोड़े पर बैठकर वोट डालने के लिए बुधवार को केंद्र पर पहुंचा।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिल काछी ने आईएएनएस को बताया,"बहादुर ने शिमला संसदीय क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 35 में वोट दिया।"
मतदान केंद्र बहादुर के निवास से करीब चार किलोमीटर दूर है और वोट डालने के लिए वह घोड़े पर सवार होकर पहुंचा।
संवाददाताओं के उम्र के बारे पूछे गए प्रश्नों को उन्होंने पसंद नहीं किया और कहा,"आप बार-बार मेरी उम्र के बारे में क्यों पूछ रहे हैं? मुझे वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलती। मुझे नहीं पता यह क्यों और कब रोकी गई। कांग्रेस सरकार का प्रशासन अच्छा था।"
बहादुर ने यह बताने से इंकार कर दिया कि इस चुनाव में उन्होंने किसे वोट दिया लेकिन कहा,"पहले चुनाव (1952) में मैंने जवाहरलाल नेहरु के लिए वोट दिया था।"
मतदाता सूची के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 2,003 मतदाता 90 वर्ष से अधिक उम्र के और 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 800 है।
शिमला में कांग्रेस के वर्तमान सांसद धनीराम शांडिल के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने वीरेंद्र कश्यप को मैदान में उतारा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications