पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान झड़पें
जादवपुर संसदीय क्षेत्र में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच झड़पें हुईं। मंगलवार को हुई बारिश में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) भीग जाने के कारण दक्षिणी 24 परगना की मथुरापुर सीट के मंदिरबाजार इलाके के 101 मतदान केंद्रों पर मतदान नहीं हो रहा है।
राज्य के संयुक्त निर्वाचन अधिकारी निखिल कुमार सहाना ने आईएएएनएस से कहा, "हमने इन केंद्रों पर गुरुवार को ही मतदान कराने की सिफारिश की है। इस संबंध में अंतिम निर्णय दिल्ली में निर्वाचन आयोग के अधिकारी लेंगे।"
कोलकाता के बाहरी इलाके राजारहाट में मंगलवार रात तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता खेजर अली की हत्या कर दी गई थी। यहां माकपा और तृणमूल के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं।
राज्य में 11 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी सहित 100 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य में सात मई को मतदान के दौरान हुई हिंसा के मद्देनजर बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किये गए हैं।
ममता दक्षिणी कोलकाता से चुनाव लड़ रही हैं। उनका मुख्य मुकाबला मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता रबीन देब से है। दमदम लोकसभा सीट से दो पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वागत राय और तपन सिकदर चुनाव मैदान में हैं।
उत्तरी कोलकाता संसदीय सीट पर मुख्य मुकाबला माकपा नेता मोहम्मद सलीम और तृणमूल नेता सुदीप बंदोपाध्याय के बीच है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications