'श्रीलंका सेना की अस्पताल पर बमबारी'

तमिल विद्रोहियों और अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि श्रीलंका सेना की गोलाबारी से संघर्ष क्षेत्र के एक अस्पताल में कम से कम 45 लोग मारे गए हैं. साथ ही इस हमले में 50 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं. विद्रोहियों के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुलिवाइकल में एक अस्थाई अस्पताल को मंगलवार की सुबह निशाना बनाया गया.
इस अस्पताल में सप्ताहांत के दौरान हमले में घायल लोग भर्ती थे. हालांकि सरकार बार बार संघर्षवाले इलाक़ों में बमबारी से इनकार करती आ रही है, उसका आरोप है कि विद्रोही ही आम नागरिकों को निशाना बनाते हैं. इन दावों की स्वतंत्र सूत्रों से पुष्टि नहीं हो पाई है क्योंकि इन इलाक़ों में पत्रकारों के जाने पर पाबंदी है.
'रक्तपात'
इसके पहले सप्ताहांत में 300 से ज्यादा लोग मारे गए थे और एक हज़ार से अधिक लोग घायल हो गए थे. इसके बाद संयुक्त राष्ट्र ने वहाँ की स्थिति को 'रक्तरंजित' बताया है. इसके पहले श्रीलंका में युद्ध प्रभावित क्षेत्र से एक सरकारी डॉक्टर ने बीबीसी को बताया था कि पिछले कुछ दिनों की हिंसा के दौरान 430 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.
उन्होंने बताया कि अस्पताल में 430 शव मौजूद हैं जबकि मरनेवालों की असली संख्या एक हज़ार तक हो सकती है क्योंकि कई लोग बाहर सड़कों और अन्य जगहों पर मृत पड़े हैं. हालांकि श्रीलंका की सेना अब भी ऐसी स्थिति से इनकार कर रही है और उसका कहना है कि ऐसा सरकार के ख़िलाफ़ दुष्प्रचार के लिए कहा जा रहा है.


Click it and Unblock the Notifications