अफ़ग़ानिस्तान: अमरीकी जनरल की छुट्टी

अमरीकी रक्षा मंत्री ने तालेबान के ख़िलाफ़ लड़ाई में नई सोच की ज़रूरत बताते हुए अफ़ग़ानिस्तान में तैनात एक शीर्ष सैन्य कमांडर से इस्तीफ़ा देने को कहा है. रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स ने पुष्टि की कि अफ़ग़ानिस्तान में तैनात जनरल डेविड मैकीर्नन को बर्ख़ास्त किया जा रहा है. उन्हें अफ़ग़ानिस्तान गए एक साल से भी कम समय हुआ है.
उनकी जगह लेंगे जनरल स्टैनली मैक्रिस्टल. कहा जा रहा है कि इनके पास अफ़ग़ानिस्तान मे जारी संघर्ष की बेहतर जानकारी है. ताज़ा फ़ैसला अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी सैनिकों की संख्या बढ़ाने और वहां रणनीतिक परिवर्तन करने के फ़ैसलों के साथ आया है.
जनरल मैकीर्नन के रहते अफ़ग़ानिस्तान में चरमपंथी हमलों में बढ़ोतरी देखी गई.उनकी जगह लेने वाले जनरल स्टैनली फिलहाल अमरीकी ज्वाइंट चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ के निदेशक हैं.रॉबर्ट गेट्स ने इस बदलाव का कारण बताते हुए कहा कि नई रणनीति और नए राजदूत के साथ-साथ सैन्य नेतृत्व में भी परिवर्तन करने की ज़रूरत थी.
उन्होंने कहा कि ये फ़ैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में है. संवाददाताओं का कहना है कि जनरल स्टैनली चरमपंथ विरोधी रणनीति के माहिर हैं.


Click it and Unblock the Notifications