सुभाष चक्रवर्ती की टिप्पणी से माकपा का कुछ भी लेना-देना नहीं : बोस
चक्रबर्ती की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए माकपा की पश्चिम बंगाल इकाई के सचिव बिमान बोस ने कहा है कि कांग्रेस के बारे में चक्रबर्ती के राजनीतिक आकलन और वर्ष 2004 में कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में माकपा के शामिल न होने के मुद्दे पर उनकी टिप्पणी से पार्टी का कुछ भी लेना-देना नहीं है।
बोस ने एक बयान में कहा है, "कामरेड सुभाष चक्रबर्ती द्वारा एक निजी समाचार चैनल के साथ 11 मई को एक साक्षात्कार के दौरान की गई इस टिप्पणी का माकपा की राजनीतिक विचारधारा से कुछ भी लेना-देना नहीं है।"
बयान में आगे कहा गया है, "कांग्रेस पार्टी के बारे में उनका आकलन हमारी पार्टी की विचारधारा के खिलाफ है। वर्ष 2004 में केंद्र सरकार में शामिल न होने के निर्णय के बारे में चक्रबर्ती की टिप्पणी पार्टी की केंद्रीय समिति के प्रस्ताव के खिलाफ है।"
ज्ञात हो कि बंगाली टेलीविजन चैनल स्टार आनंद के साथ एक साक्षात्कार के दौरान चक्रबर्ती ने कांग्रेस को देश की सबसे बड़ी साम्राज्यवाद विरोधी पार्टी बताया था। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी साम्राज्यवाद को दुनिया के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications