मणिपुर और असम में 9 हिंदीभाषियों समेत 12 की हत्या
मणिपुर के बिशनपुर जिले के केबुल लामजाओ राष्ट्रीय उद्यान में सोमवार रात अलगाववादियों ने नौ हिंदीभाषियों की हत्या कर दी। बिशनपुर जिले के पुलिस प्रमुख जयंत सिंह ने आईएएनएस को बताया कि उद्यान के दलदली हिस्से से पांच शव बरामद किए जा चुके हैं और अन्य चार लोगों के शवों की खोज की जा रही है।
सिंह ने कहा कि माना जा रहा है कि नौ लोगों की हत्या अलगाववादियों ने की है। पुलिस को स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि हथियारों से लैस अलगाववादी सोमवार शाम 12 लोगों को आंखों में पट्टी बांधकर उद्यान के भीतर ले गए थे।
सिंह ने बताया कि उनमें से तीन व्यक्ति अलगाववादियों के चंगुल से फरार होने में कामयाब रहे। उन्होंने कहा कि मारे गए सभी लोगों के हाथ पीछे बंधे हुए थे और उनके मुंह बंद कर रखा था। इन सभी की हत्या धारदार हथियार से की गई।
मरने वालों की तत्काल शिनाख्त नहीं हो सकी है लेकिन पुलिस को अंदेशा है कि वे सभी हिंदी भाषी थे।
एक अन्य घटना में असम के उत्तरी कछार जिले में सशस्त्र अलगाववादियों ने सोमवार देर रात तीन लोगों की हत्या कर दी।
असम के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अलगाववादियों के एक गुट ने दो नागा बहुल गांव पर हमला बोल और अंधाधुंध गोलीबारी शुरु कर दी, जिसमें तीन लोग मारे गए। बाद में अलगाववादियों ने 70 मकानों को आग लगा दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications