ओबामा की विदेशी आय पर और कर की योजना
वाशिंगटन, 12 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा विदेशों में आय अर्जित करने वाली कंपनियों पर और अधिक कर लगाने की योजना बना रहे हैं। उनकी यह योजना 18 खरब डॉलर के रिकार्ड बजट घाटे में कम से कम 210 अरब डॉलर की कमी करने के प्रयास का हिस्सा है।
व्हाइट हाउस के बजट ऑफिस से सोमवार को जारी आंकड़ों से वर्ष 2009 के घाटे में 89 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है जो कुल मिलाकर पिछले वर्ष के मुकाबले चार गुना ज्यादा है।
व्हाइट हाउस के ताजा प्रस्ताव में एक नए उपाय की बात कही गई है जिसके तहत विदेशों में आय अर्जित करने वाली कंपनियों को और अधिक कर चुकाना पड़ सकता है।
करों की दर में परिवर्तन से होने वाली आय का अधिकांश हिस्सा ओबामा द्वारा पिछले सप्ताह की गई घोषणाओं से आएगा जिनमें कहा गया था कि विदेशों में आय अर्जित करने वाली अमेरिकी कंपनियों को अधिक कर चुकाना होगा। ओबामा की योजना में प्रस्तावित 210 अरब डॉलर की राशि में से 189.5 अरब डॉलर की रकम इन्हीं परिवर्तनों से आएगी।
वाल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक अमेरिकी कंपनियों का कहना है कि यह प्रस्ताव वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धा की उनकी क्षमता पर नकारात्मक असर डालेगा।
सोमवार को अमेरिकी वित्त मंत्रालय के एक अधिकारी ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए बताया कि ओबामा प्रशासन विदेशों में आय अर्जित करने वाली कंपनियों के कामकाज में संतुलन लाने का प्रयास कर रहा है ताकि न केवल कंपनियां विदेशी बाजारों में प्रतिस्पद्र्धी बनी रहें बल्कि उन्हें करों में भी पहले की तरह मनमानी छूट न हासिल होती रहे।
एक और नए प्रस्ताव की मदद से अमेरिकी कंपनियों पर इस बात का प्रतिबंध लगाया जाएगा कि वे अपनी आय को विदेशों में स्थित अपनी अनुषंगी कंपनियों को हस्तांतरित न कर सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications