पाक में 751 तालिबानी मारे गए, निर्णायक कार्रवाई की तैयारी (लीड-3)
इस बीच दक्षिणी वजीरिस्तान के कबायली क्षेत्र में मंगलवार को संदिग्ध अमेरिकी मिसाइल हमले में कम से कम से आठ लोग मारे गए।
मुख्य सैन्य प्रवक्ता मेजर जनरल अथर अब्बास ने कहा कि 26 अप्रैल से शुरू कार्रवाई में अब तक 751 आतंकवादी मारे गए हैं, जबकि 29 जवान हताहत हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने एनडब्ल्यूएफपी के स्वात और दो अन्य जिलों में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल कर ली है। मारे गए आतंकवादियों के वीडियो बुधवार को जारी किए जाएंगे।
सेना के एक अधिकारी ने कहा कि पुछार में हेलीकाप्टर से सैनिकों को उतारा गया है। पुछार, स्वात घाटी में तालिबान कमांडर मौलाना फजलुल्लाह का मुख्यालय है। फजलुल्लाह, पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) की सरकार के साथ विवादास्पद शांति समझौते में मध्यस्थता करने वाले कट्टरपंथी मौलाना सूफी मुहम्मद का दामाद है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने सोमवार को संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली में तालिबान पर विदेशी ताकतों का एजेंडा अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि आतंकवादियों के सफाए तक सैन्य अभियान जारी रहेगा।
अफगानिस्तान के तालिबान के समर्थक और अब संघीय सरकार में शामिल जमीयत उलेमा-ए-इस्लामी के मौलाना फजलुर्रहमान ने भाषण के बाद यह कहते हुए संसद से बहिर्गमन किया कि सैन्य कार्रवाई आरंभ करने से पहले उनसे चर्चा नहीं की गई।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन)के नासिर अली खान ने कहा कि अधिकांश सांसद सैन्य कार्रवाई के बारे में अनभिज्ञ हैं जैसे कि वे अब असफल हुए शांति समझौते के बारे में थे। परंतु तालिबान के खिलाफ कार्रवाई में उनकी पार्टी सरकार के साथ है।
उधर, समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अफगानिस्तान की सीमा से सटे दक्षिणी वजीरिस्तान के साराखोरा गांव के एक मकान पर अमेरिकी चालकरहित विमानों ने कई मिसाइल दागे। यह इलाका अलकायदा और तालिबानी आतंकवादियों का गढ़ माना जाता है।
उर्दू भाषी 'आज' टीवी चैनल के अनुसार हमले में कम से कम आठ लोग मारे गए। मरने वालों की शिनाख्त तत्काल नहीं हो सकी है। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने हवाई हमलों की पुष्टि की, लेकिन कोई ब्यौरा उपलब्ध नहीं कराया।
इसी जिले में शनिवार को इसी तरह के मिसाइल हमले में पांच संदिग्ध तालिबानी आतंकवादी मारे गए थे।
दक्षिणी वजीरिस्तान अल-कायदा से संबद्ध आतंकवादी सरगना बैतुल्लाह महसूद का गढ़ माना जाता है। महसूद पर पूरे पाकिस्तान में आत्मघाती हमले का आदेश देने का आरोप है।
गत अगस्त से अमेरिकी हवाई हमलों की 36 से ज्यादा घटनाओं में यहां 350 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
पाकिस्तान इन हमलों का विरोध करता है। उसका कहना है कि इनसे आतंकवाद के खिलाफ जारी संघर्ष पर प्रतिकूल असर पड़ता है और अमेरिका तथा पाकिस्तानी सरकारों के प्रति जनाक्रोश भड़कता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications