प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार से बात की, केवल बाढ़ राहत पर हुई चर्चा?
प्रधानमंत्री की मीडिया सलाहकार दीपक संधू ने कहा,"हां, प्रधानमंत्री ने बिहार के मुख्यमंत्री को फोन किया और कोसी क्षेत्र में राहत उपायों पर चर्चा की।"
उधर मुख्यमंत्री के सहयोगियों के अनुसार यह लंबी वार्ता थी और 'अन्य मामलों' पर भी चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री सहित कांग्रेस के नेताओं ने बिहार सरकार पर कोसी बाढ़ राहत के लिए केंद्र से दिए गए कोष का पूरा उपयोग नहीं करने का आरोप लगाया था।
इसके जवाब में नीतीश ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार पर अपने वादे से मुकरने का आरोप लगाते हुए कहा था कि राहत कार्य के लिए प्राप्त 1,000 करोड़ रुपये को काफी अच्छे ढंग से खर्च किया गया है।
लोकसभा चुनाव प्रचार अभियान के अंतिम दिन सोमवार को प्रधानमंत्री ने नीतीश कुमार के धर्मनिरपेक्ष होने पर संदेह जताया था। इससे एक दिन पहले नीतीश कुमार गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ लुधियाना में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली में एक मंच पर उपस्थित हुए थे।
इसके जवाब में नीतीश ने कहा," प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को खुद को धर्मनिरपेक्षता के विश्वविद्यालय का कुलपति नहीं समझना चाहिए। वह धर्मनिरपेक्षता का प्रमाण-पत्र बांट रहे हैं। मुझे उनके प्रमाण-पत्र की कोई जरूरत नहीं है।"
पिछले सप्ताह कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने भी नीतीश कुमार की प्रशंसा की थी। इससे कांग्रेस के नीतीश को अपने पक्ष में करने के बारे में अटकलें लगनी आरंभ हो गईं थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications