हिमाचल के सबसे ऊंचाई वाले मतदान केंद्र पर मतदान को लेकर भारी उत्साह
हिक्काम (हिमाचल प्रदेश), 12 मई (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी में स्थित जनजातीय गांवों के निवासी यहां बुधवार को होने वाले मतदान को लेकर काफी उत्साहित हैं। यहां स्थित मतदान केंद्र देश के सबसे ऊंचाई वाले मतदान केंद्रों में से एक है।
लाहौल और स्पीति जिले में स्थित हिमाचल के सबसे ऊंचाई वाले हिक्काम मतदान केंद्र पर लगभग 321 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह मतदान केंद्र 15,000 फुट से भी अधिक ऊंचाई पर स्थित है। यह मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत आता है।
इस गांव में रहने वाले एक सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी राम सिंह नेगी ने कहा है, "हम मतदान को लेकर बहुत उत्साहित है। हम मतदान केंद्र पर पहुंचने वाले पहले मतदाताओं में से होंगे।"
इस पूरे जिले में मुख्य रूप से जनजातियों की आबादी निवास करती है। यह क्षेत्र भारी हिमपात के कारण छह महीने से अधिक अवधि तक देश के बाकी हिस्सों से कटा रहता है।
कानून विषय में स्नातक सपना नेगी ने कहा है, "सोमवार को हुआ हिमपात हमारे भीतर मतदान को लेकर जगे उत्साह को डिगा नहीं पाया है। पिछले विधानसभा चुनाव (वर्ष 2007) की तरह इस बार भी इस मतदान केंद्र पर जिले में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया जाएगा।"
राज्य निर्वाचन विभाग के आंकड़े के अनुसार पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान हिक्काम मतदान केंद्र पर जिले में सर्वाधिक (83.3) मतदान दर्ज किया गया था।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिल काची ने आईएएनएस को बताया, "हिक्काम मतदान केंद्र पर हिक्काम, कोमिक व लंगचा गांवों के कुल 321 मतदाता मतदान करेंगे।"
काची ने कहा है, "लाहौल व स्पीति, किन्नौर व चांबा जनजातीय जिलों में मतदान काफी मुश्किल काम हो जाता है, क्योंकि इन जिलों में एक तिहाई मतदान केंद्र 13,000 फुट से भी अधिक ऊंचाई पर स्थित हैं। मतदान सामग्री सभी मतदान केंद्रों पर पहुंचाई जा चुकी है। कुछ मतदान केंद्रों पर मतदान सामग्री और मतदान कर्मियों को जिला मुख्यालय से सीधे हवाई मार्ग के जरिए पहुंचाया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications