नागो सिंह हत्याकांड में सांसद सूरजभान पर साजिश रचने का आरोप
बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक पी़ के. कन्नन ने बताया है कि अज्ञात हमलावरों ने नागो सिंह और उनके भांजे रामकृष्ण सिंह की ठकुरीचक गांव के पास उस समय गोली मार कर हत्या कर दी, जब दोनों रविवार की रात बेगूसराय से मधुरापुर के लिए लौट रहे थे।
कन्नन ने बताया है कि इस मामले की एक प्राथमिकी (140/09) बरौनी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी में सूरजभान पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने बताया है कि शेष अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने मंगलवार को बताया कि भागलपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक ए़ आऱ किन्नी तथा मुंगेर क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अमित कुमार ने सोमवार को घटना स्थल का दौरा किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी 1992 को रामी सिंह की हत्या कर दी गई थी। नागो सिंह उस हत्या कांड के मुख्य गवाह थे। उस मामले में त्वरित न्यायालय की ओर से सांसद सूरजभान को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है। इससे पूर्व रामी सिंह हत्या मामले की पैरवी कर रहे विशेष सरकारी वकील राम नरेश शर्मा की भी 7 नवंबर 2007 को हत्या कर दी गई थी। सांसद सूरजभान पर उस मामले में भी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications