पूर्व नौसेना अध्यक्ष एस.एम. नंदा नहीं रहे (लीड-1)
नंदा ने दक्षिणी दिल्ली के वसंतकुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल में सोमवार रात 11 बजे अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार थे।
नौसेना के एक अधिकारी के अनुसार नंदा का अंतिम संस्कार मंगलवार शाम चार बजे दिल्ली कैंट स्थित बरार स्क्वेयर में पूरे सैनिक सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और पोते-पोतियां हैं।
नंदा ने वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में नौसेना की कमान संभाली और उसे कामयाबी की मंजिल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। पाकिस्तानी नौसेना को खदेड़कर भारतीय नौसेना ने पूरी बंगाल की खाड़ी और अरब सागर पर कब्जा कर लिया था।
1915 में जन्मे नंदा 1941 में रॉयल इंडियन नेवी में शामिल हुए थे। सन 1947 के बाद उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। सन 1948 में वह ब्रिटेन में नौसेना के प्रथम पोत 'आईएनएस दिल्ली' से बतौर फर्स्ट लेफ्टिनेंट जुड़े। बाद में उन्होंने 'आईएनएस रणजीत' और जंगी स्क्वोडर्न की भी कमान संभाली।
उन्होंने 28 फरवरी 1970 में नौसेना के छठे नौसेना अध्यक्ष का कार्यभार संभाला था। सन 1973 में 31 साल की सेवा के बाद वह सेवानिवृत्त हुए।
एडमिरल नंदा को वर्ष 1966 में परम विशिष्ट सेवा मेडल (पीवीएसएम) से नवाजा गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications