चंडीगढ़ में लगातार तीसरी जीत हासिल करना चाहती है कांग्रेस
लोकसभा चुनाव के पांचवें और अंतिम चरण में 522,650 मतदाता इस केंद्र शासित शहर के प्रतिनिधि के निर्वाचन के लिए वोट डालेंगे। चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच सीधे मुकाबले का इतिहास रहा है।
इस बार भी मुकाबला परंपरागत प्रतिद्वंद्वियों भाजपा के सत्यपाल जैन और बंसल के बीच है। बंसल और जैन दोनों पेशे से वकील हैं।
यद्यपि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने कई पार्टियां बदलने वाले हरमोहन धवन को मैदान में उतारा है लेकिन उनके मुख्य मुकाबले में आने की संभावना नहीं है। वर्ष 2004 के चुनाव में उनकी जमानत जब्त हो गई थी।
चंडीगढ़ संसदीय क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के हाफिज अनवर-उल-हक सहित कुल 14 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
क्षेत्र में मतदान प्रतिशत भी चिंता का एक कारण है। वर्ष 2004 में मतदान प्रतिशत 52.06 प्रतिशत था। वर्ष 1998 और 1999 में यह केवल 42.36 और 46.99 प्रतिशत था।
बंसल (60 वर्ष) ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में यहां से 1991,1999 और 2004 के संसदीय चुनावों में विजय हासिल की थी। पिछले चुनाव में उन्होंने जैन को 45,248 मतों से पराजित किया था।
बहरहाल जैन इस बार कांग्रेस को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। जैन ने 1996 और 1998 में चंडीगढ़ से विजय हासिल की थी। जैन और बंसल पांचवीं बार आमने-सामने हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications