पाक में 700 तालिबानी लड़ाके ढेर: रहमान मलिक
अमेरिका से लौटने के बाद यहां संवाददाताओं से बातचीत में मलिक ने कहा कि मलकंद मंडल में तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ अभियान में करीब 700 आतंकवादी मारे जा चुके हैं जबकि 20 सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई है।
समाचार पत्र डेली न्यूज के मुताबिक मलिक ने कहा कि सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से स्वात कार्रवाई से प्रभावित लोगों और विस्थापितों के लिए सहायता देने की अपील की है। उन्होंने कहा, "हमारी प्राथमिकता विस्थापितों का पुनर्वास है।"
पिछले सप्ताह से जारी अभियान में अब तक यहां 296,000 से ज्यादा लोग बेघर हो चुके हैं। पाकिस्तान ने राजधानी इस्लामाबाद की ओर बढ़ते तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ यह कार्रवाई भारी अंतर्राष्ट्रीय दबाव के बाद शुरू की है।
गत फरवरी में पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की सरकार ने एक प्रतिबंधित गुट के प्रमुख सूफी मोहम्मद की मध्यस्थता से समझौता किया था। जिसके तहत स्वात घाटी समेत मलकंद मंडल में शरिया लागू किया जाना था।
हालांकि अप्रैल के आरंभ में तालिबानी आतंकवादी बुनेर में दाखिल हो गए और अपनी प्रतिबद्धताओं के विपरीत उन्होंने इलाका खाली करने से इंकार कर दिया।
उसके बाद सुरक्षा बलों ने पहले उनके खिलाफ बुनेर में फिर अन्य स्थानों पर हमले शुरू किये।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications