चुनावों के बाद दिखेगा राजग में बिखराव : मनमोहन
लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार अभियान के अंतिम दिन मनमोहन ने यहां संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, "यह कहना गलत होगा कि राजग में विभाजन नहीं है। बीजद और तेदेपा (उड़ीसा का बीजू जनता दल और आंध्र प्रदेश की तेलुगू देशम पार्टी) अब उसके साथ नहीं हैं। बिखराव वहां है और चुनावों के बाद और अधिक होगा।"
उन्होंने यह भी कहा कि राजग देश को विकास के पथ पर तेजी से आगे नहीं ले जा सकता।
सिह ने तीसरे मोर्च को अस्थिर करार देते हुए कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के दोबारा सत्ता में आने के बारे में उन्हें कोई संदेह नहीं है।
अपने प्रधानमंत्री बनने के बारे में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पद का अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है और इसमें किसी तरह का कोई परिवर्तन नहीं होगा।
किसी दल को बहुमत न मिलने के संबंध में सिंह ने कहा कि केंद्र में राष्ट्रपति शासन का कोई प्रावधान नहीं है और वहां सरकार बनेगी ही। हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा कि क्या स्थिति बनती है।
आडवाणी द्वारा उन्हें कमजोर करार दिए जाने संबंधी एक प्रश्न के उत्तर में सिंह ने कहा, "मैं कमजोर हूं या मजबूत इसका निर्णय मेरे काम से होना चाहिए। हमने राजग सरकार की तुलना में डेढ़ गुना अधिक विकास किया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications