मैं सिख, गैर सिख के रूप में नहीं सोचता : प्रधानमंत्री
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सांप्रदायिक राजनीति का आरोप लगाने के बावजूद सिख प्रधानमंत्री को आगे करके सिख समुदाय के वोट हासिल करने के कांग्रेस के प्रयास के बारे में एक सवाल पर प्रधानमंत्री ने यह प्रतिक्रिया व्यक्त की।
मनमोहन सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मेरा ईमानदारी से मानना है कि धर्म को राजनीतिक मामलों में नहीं लाना चाहिए। मैंने किसी को भी अपने नाम का उपयोग करने के लिए अधिकृत नहीं किया है।"
पाकिस्तान में तालिबान के भय से पलायन कर रहे सिखों के मामले पर राज्य की सत्तारूढ़ अकाली दल-भाजपा सरकार की आलोचना के शिकार प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि वह पहले "भारतीय" हैं।
उन्होंने कहा,"मैं भारत का प्रधानमंत्री हूं। मैं भारत के सभी वर्गो के लोगों का प्रतिनिधित्व करता हूं। इसलिए मैं सिख और गैर सिख के रूप में नहीं सोचता"
उन्होंने कहा कि उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत में तालिबान की सिखों से जजिया कर की मांग का मामला सरकार ने पाकिस्तान के सामने उठाया था।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि फ्रांस में सिखों के पगड़ी पहनने के मामले को सरकार के उठाने के बावजूद फ्रांस ने अपना रवैया नहीं बदला।
मनमोहन सिंह ने कहा कि इसके बावजूद वह फ्रांस को इसके बारे में सहमत करने के प्रयास करते रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications