गठबंधन का फैसला चुनाव नतीजों के बाद : प्रधानमंत्री
मनमोहन सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "सभी संभावनाओं का पता 16 मई के बाद चलेगा। मैं इस पर अटकलबाजी नहीं करना चाहता। सभी कुछ संख्या पर निर्भर करेगा।"
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के सत्ता में वापसी के बारे में अपने विश्वास को प्रकट करते हुए उन्होंने कहा, "संप्रग सरकार का गठन करेगा। इस बारे में मुझे कोई संदेह नहीं है।"
चुनाव बाद गठबंधन की संभावना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, "राजनीति संभावनाओं की कला है। जो लोग नाराज हैं उन्हें मनाया जा सकता है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या वह वामदलों से केंद्र में कांग्रेस की सरकार को समर्थन देने की अपील करेंगे, मनमोहन सिंह ने कहा, "मेरा हमेशा से मानना है कि सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतों को एक साथ आकर देश को एक धर्मनिरपेक्ष सरकार देनी चाहिए।"
उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका परमाणु समझौते के जिस मुद्दे पर वामदलों ने समर्थन वापस लिया था, उस पर हस्ताक्षर हो चुके हैं और वह मुद्दा खत्म हो गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बड़ा उद्देश्य यह है कि धर्मनिरपेक्ष दलों को देश को एक धर्मनिरपेक्ष सरकार देनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications