स्वाइन फ्लू: दुनिया भर में 5,100 मामले (लीड-2)
स्टॉकहोम/वाशिंगटन/बीजिंग, 11 मई (आईएएनएस)। दुनिया भर में स्वाइन फ्लू के 5,100 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इस घातक बीमारी ने अमेरिका में 2,532 लोगों को अपनी चपेट में लिया है। यहां इससे अब तक तीन लोगों की मौत भी हो चुकी है जबकि चीन में भी स्वाइन फ्लू के पहले मामले की पुष्टि हुई है।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक यूरोपीय रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (ईसीडीसी) ने सोमवार को बताया कि मेक्सिको में 2,062 और कनाडा में अब तक 284 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
ईसीडीसी का कहना है कि स्वाइन फ्लू की वजह से अब तक कुल 53 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 48 मामले मेक्सिको के हैं।
यूरोप में196 मामलों की पुष्टि हुई है। स्पेन में 95, ब्रिटेन में 55, फ्रांस में 13 और जर्मनी में 11 लोग इस बीमारी में चपेट में हैं।
अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) ने रविवार को बताया कि इलिनॉय में 466, विस्कॉन्सिन में 357 और कैलीफोर्निया में 282 मामलों की पुष्टि हुई है। न्यूयार्क में 190 और एरिजोना में 182 लोग स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुके हैं।
अमेरिका में शनिवार को स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 2,254 थी और इनमें से 104 लोग अस्पताल में भर्ती थे। सीडीसी के अधिकारियों का कहना है कि स्वाइन फ्लू के सभी 50 राज्यों में फैल जाने की आशंका है।
उधर, चीन के एक नागरिक के स्वाइन फ्लू के वायरस ए(एच1एन1) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। यह व्यक्ति हाल ही में अमेरिका से लौटा था। चीन में स्वाइन फ्लू के इस पहले मरीज की उम्र 30 साल है और इसका उपनाम बाओ है।
चीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि इस मरीज की हालत पर नजर रखी जा रही है और इसके संपर्क में आने वालों की भी चिकित्सा जांच की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications