पाकिस्तान के बिखरने का खतरा नहीं : जरदारी
रविवार को एनबीसी के प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में जरदारी ने नाटकीय अंदाज में पूछा, "क्या पाकिस्तान राष्ट्र नष्ट होने जा रहा है?" और उत्तर दिया,"नहीं, हम 18 करोड़ हैं, यह आतंकवादियों की संख्या से बहुत अधिक है।"
जरदारी ने यह स्वीकार किया कि पश्चिमोत्तर इलाके में तालिबान के कारण समस्या है और उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि एक रणनीति तैयार करने की जरूरत है जिससे दुनिया इस खतरे के खिलाफ एकजुट हो सके।"
जरदारी ने कहा कि यह केवल अफगानिस्तान की समस्या नहीं है। यह पूरे हॉर्न ऑफ अफ्रीका से जुड़ी है। लोगों पर स्पेन, ब्रिटेन अमेरिका, अफ्रीका और सऊदी अरब कहीं भी हमला हो सकता है। इसलिए दुनिया को समझना चाहिए कि यह 21 वीं सदी की नई चुनौती है और यह नए ढंग का युद्ध है।
जरदारी ने कहा कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान और अमेरिका के एक मंच पर आए बिना इस समस्या से निपटने के लिए काम नहीं किया जा सकता।
उधर पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री रहमान मलिक ने कहा कि उत्तर पश्चिम सीमांत प्रांत (एनडब्ल्यूएफपी) के तीन जिलों में तालिबान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई में अब तक 700 आतंकवादी मारे जा चुके हैं।
मलिक ने संवाददाताओं से कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ 26 अप्रैल से जारी सैन्य अभियान में अब तक 700 आतंकवादी मारे गए हैं और सुरक्षा बलों के 20 जवान शहीद हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अंतिम आतंकवादी के सफाए तक सैनिक अभियान जारी रहेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications