अप्रैल में वाहनों की घरेलू बिक्री में 10.76 फीसदी का इजाफा (लीड-1)
औद्योगिकी संगठन 'सोसाइटी ऑफ इंडियन आटोमोबाइल मैनुफैक्चर्स' (एसआईएएम) के वरिष्ठ निदेशक सुगतो ने बताया, "दोपहिया वाहनों के बाजार में बढ़िया कारोबार की बदौलत अप्रैल में उत्पादन में 10.19 फीसदी और घरेलू बिक्री में 10.76 फीसदी की वृद्धि हुई।"
घरेलू कार बाजार में भी बिक्री में इजाफा हुआ। इस वर्ष अप्रैल में 102,899 कारों की बिक्री हुई जो गत वर्ष की समान अवधि की 98,752 कारों के मुकाबले 4.2 फीसदी अधिक है।
दोपहिया वाहनों की बिक्री में 13.71 फीसदी का इजाफा हुआ और यह वर्ष 2008 के अप्रैल माह के 616,468 से बढ़कर इस वर्ष अप्रैल में 700,995 हो गई।
दोपहिया वाहनों में भी मोटरसाइकिल की बिक्री में 12.11 फीसदी बढ़ोतरी हुई जबकि मोपेड और स्कूटर की बिक्री में 24 फीसदी का इजाफा हुआ। पिछले वर्ष के 501,592 मोटरसाइकिलों की तुलना में इस वर्ष 562,357 मोटरसाइकिलों की बिक्री हुई।
यद्यपि इस अवधि में व्यावसायिक इस्तेमाल में आने वाले वाहनों की की बिक्री में 11.25 फीसदी की कमी आई और गत वर्ष अप्रैल के 33,626 वाहनों की तुलना में इस वर्ष 29,842 वाहन बिके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications